प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। ताजा मामले में ईडी ने कांग्रेस की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद के छोटे भाई अंकित राज की करोड़ों की अवैध संपत्ति अटैच कर दी है।जब्त की गई संपत्ति की कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।ईडी सूत्रों के अनुसार, अंकित राज पर आरोप है कि उन्होंने अवैध बालू खनन से हुई कमाई को जमीन और अन्य अचल संपत्तियों में निवेश किया। जांच में सामने आया है कि खरीदी गई संपत्तियों के लिए दिखाए गए वैध आय के स्रोत और वास्तविक निवेश में भारी अंतर है। इसी आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग अधिनियम के तहत इन संपत्तियों को अटैच किया गया है।गौरतलब है कि हजारीबाग जिले के बड़कागांव से विधायक रह चुकीं अम्बा प्रसाद और उनके परिवार पर ईडी की नजर पिछले कई वर्षों से बनी हुई है। 2024 और 2025 में एजेंसी ने अम्बा प्रसाद, उनके परिजनों और करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर लगातार छापामारी की थी। उस दौरान ईडी को बड़ी मात्रा में दस्तावेज, बैंक लेन-देन से जुड़ी जानकारी और संपत्ति निवेश से जुड़े सबूत हाथ लगे थे। इन्हीं सबूतों के आधार पर अंकित राज की संपत्ति अटैच की गई है।

